“जय भारत महासंपर्क अभियान” लेकर निकले कांग्रेसी

Share this news

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर अगले तीन दिन (19 अगस्त से 21 अगस्त) के लिए राज्य में ‘जय भारत महासंपर्क अभियान’ की शुरुआत की है। इस अभियान में पार्टी जनता को यह बताने का प्रयास करेगी कि कांग्रेस पार्टी ने अपने शासन के दौरान देश के लिए क्या किया।

कथित तौर पर वह अपने नेताओं के विरुद्ध चलाए जा रहे दुष्प्रचार पर भाजपा की ‘पोल-खोल’ भी करेगी। इस अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिले के हर ग्राम पंचायत और शहर के वार्ड में कम से कम 75 घंटे का प्रवास करेंगे।

इस दौरान दो पुस्तकों ‘हम कांग्रेस के लोग और भारत के खिलाफ संघ का प्रचार’ के जरिए लोगों को कांग्रेस के साथ जोड़ने की कोशिश की जाएगी। ब्रस्पतिवार को पुराने शहर के सराएँ गढ़ी के वार्ड में जय भारत महासंपर्क अभियान में शामिल पार्टी नेताओं का प्रतिनिधि मण्डल पहुँचा। अभियान में शामिल नेताओं की अगुवाई कर रहे कांग्रेस पार्षद जिया उबैद और जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद का स्थानीय नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया।

हसीब अहमद ने बताया कि इस अभियान में पार्टी के सभी स्तर के कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। लगभग 430 कार्यकर्ता और नेताओं के साथ इस अभियान के दौरान प्रदेश सरकार की नाकामियों को उजागर करने के साथ-साथ पार्टी के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का काम भी करेंगे। इस प्रवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र की समस्याओं को समझने, लोगों से उसका संभावित समाधान खोजने और उसके क्रियान्वयन के मुद्दे पर भी बात करेंगे।

कहा कि 24 अगस्त को पार्टी न्याय पंचायत स्तर के अपने पदाधिकारियों को प्रशिक्षित करने का काम भी करेगी। जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी ने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लगातार एक के बाद एक अभियान जारी कर कांग्रेस उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से जुड़ने की कोशिश कर रही है। पार्टी को पता है कि उसकी राष्ट्रीय महत्वकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उसका उत्तर प्रदेश में मजबूत होना बेहद आवश्यक है। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी यूपी में मजबूत होने की कोशिश कर रही है।

इस दौरान: पार्षद जिया उबैद, हसीब अहमद, डॉ दिनेश सोनी, विवेक पाण्डेय, मंजू संत, इम्तेयाज अहमद, राजीव पाण्डेय, चंद्रभूषण मिश्रा, शकील अहमद, सुनील पटेल, दीपचंद्र शर्मा, सिराज अहमद, अब्दुल शकूर समेत आदि लोग मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!