योगी सरकार में उत्तर प्रदेश में है सुशासन का राजः नन्दी
प्रदेश के विकास में उद्यमियों एवं व्यापारियों का है महत्वपूर्ण योगदान
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रान्तीय व्यापारी सम्मेलन में सम्मिलित हुए मंत्री नन्दी
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी होटल यश पदम सिविल लाइंस में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रान्तीय व्यापारी, उद्यमी समागम, संवाद-समाधान एवं भामाशाह सम्मान समारोह में सम्मिलित हुए। जिसमें मंत्री नन्दी ने उद्यमियों एवं व्यापारियों से एकजुट होने का आह्वान किया। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जहां देश आत्मनिर्भरता के साथ साथ विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन कर उभरा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन कर उभरा है। उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एवं विकास का वातावरण है और यह सम्भव हुआ है सरकार के साथ ही उत्तर प्रदेश के उद्यमियों एवं व्यापारियों के सामूहिक योगदान से। 2017 के पहले जहां उत्तर प्रदेश की गिनती बीमारू राज्य में होती थी। यहां गुण्डों का राज था। वहीं आज उत्तर प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है और गुण्डे-माफिया या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश से बाहर जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में आज सुशासन का राज है।
इस अवसर पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष अरूण अग्रवाल, राज्य मंत्री एवं प्रदेश चेयरमैन नटवर गोयल, प्रदेश महामंत्री ज्ञानेश मिश्रा, रविंद्र त्रिपाठी, संजय गुप्ता, सुनील पंगोरिया, नरेश श्रीवास्तव, प्रयागराज के पूर्व उप महापौर मुरारी लाल अग्रवाल, अजय मित्तल, नगर अध्यक्ष प्रयागराज योगेश गोयल, नवीन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।