प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में देवोत्थान एकादशी की पूर्व संध्या पर रविवार को कालिंदी महोत्सव एवं दीपदान महायज्ञ का आयोजन किया गया।
दीपदान महायज्ञ का शुभारंभ शिव योगी मौनी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया किया। इस मौके पर मौज गिरी घाट एक लाख 51 हजार दियों की रोशनी से जगमगा उठा।
श्रद्धालुओं ने कालिंदी यानी यमुना नदी में भी दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दीपदान महायज्ञ कर कोरोना काल में मृत आत्माओं की शांति के लिए कामना की गई।
इसके साथ ही देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के लिए भी श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में दीपदान किया और उनकी मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं मणिपुर में आतंकी हमले में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और पांच साल के मासूम बेटे और अन्य शहीद सैनिकों को भी इस मौके पर श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर कोरोना की वैश्विक महामारी देश और दुनिया से खत्म हो इसके लिए भी कामना की गई। मौज गिरी घाट पर एक लाख 51 हजार दियों के जलने से दिव्य और भव्य नजारा देखने को मिला।
गौरतलब है कि यमुना नदी के किनारे मौज गिरी घाट पर श्री दत्तात्रेय सेवा समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से कालिंदी महोत्सव एवं दीपदान महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।