UAE: उपराष्ट्रपति नायडू संडे को शेख खलीफा के निधन पर शोक व्यक्त करने यूएई जाएंगे

Share this news

नयी दिल्ली: उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू रविवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा कर राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान के निधन पर भारत की ओर से संवेदना व्यक्त करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी।यूएई के राष्ट्रपति एवं अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान का शुक्रवार को निधन हो गया था।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान के निधन पर भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए 15 मई को यूएई की यात्रा करेंगे।

गौर हो कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति एवं अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 73 साल के थे। स्थानीय मीडिया ने राष्ट्रपति से जुड़े मामलों के मंत्रालय के हवाले से शेख खलीफा के निधन की पुष्टि की।

समाचार एजेंसी ‘डब्ल्यूएएम’ ने कहा था, ‘राष्ट्रपति से जुड़े मामलों का मंत्रालय यूएई के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान के निधन पर यूएई, अरब जगत, इस्लामी राष्ट्र और दुनियाभर के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।’ शेख खलीफा तीन नवंबर 2004 से यूएई के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान को नया राष्ट्रपति बनाया गया

यूएई के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाह्यान का निधन होने के बाद शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान को वहां का नया राष्ट्रपति बनाया गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में शनिवार को शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान को राष्ट्रपति नियुक्त किया गया। यूएई में शासकों ने घोषणा की कि उन्होंने शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान को राष्ट्रपति के रूप में नियुक्त किया है।दुबई के शासक और यूएई के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाह्यान को बधाई दी है।

भारत ने UAE के राष्ट्रपति के निधन पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की

भारत सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक हिज हाइनेस शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के सम्मान में 14 मई 2022 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है, जिनका 13 मई को निधन हो गया। शेख खलीफा के सम्मान में शनिवार को भारत का झंडा आधा झुका रहेगा और उस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन नहीं होगा।भारत के राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद और भारत के प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी हिज हाइनेस शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!