प्रयागराज: यूपी में शीतलहर भले ही शुरू हो गई हो लेकिन राजनीतिक पारा चढ़ने के पूरी तैयारी हो रही है। कांग्रेस अपने चुनावी अभियान को रफ्तार देने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी ने जिलाध्यक्ष और संभावित प्रत्याशीयों से जिले के प्रत्येक विधानसभा में नारी शक्ति यात्रा का आयोजन सोमवार से करने के लिये कहा है।
यात्रा में सत्तर फीसदी महिलाओं की भागीदारी होगी। रविवार को जीरो रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी और सुरेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों पर समीक्षा की। यमुनापार जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी ने बताया कि पहले चरण में यमुनापार के बारा और कोरांव विधानसभा में नारी शक्ति यात्रा निकाली जायेगी।
दूसरे चरण में करछना और मेजा विधानसभा में इसका आयोजन होगा। गंगापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ने बताया कि गंगापार के फाफामऊ, सोरांव, फूलपुर, हंडिया और प्रतापपुर में एक साथ यात्रा का आयोजन किया जायेगा। कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कांग्रेस की योजनाओं के बारे में बताने के साथ साथ।
प्रियंका गांधी की ओर से पार्टी के प्रतिज्ञा पत्र के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही वर्तमान सरकार की महिला विरोधी नीतियों को भी लोगो के सामने लाया जाएगा। जिसकी रूपरेखा तैयार कर पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी और संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद ने किया। इस मौके पर: मनोज पासी, विवेक पाण्डेय, राकेश पटेल, रितेश राणा, बृजेश सिंह, सुनील पटेल, आशीष पाण्डेय, बब्लू खान, शुभम शुक्ला, सौरभ चौधरी, इश्तेयाक अहमद, रिंकू तिवारी समेत आदि लोग मौजूद रहे