संगमनगरी यानी प्रयागराज से लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब प्रयागराज से लखनऊ की दूरी कई घंटों में नहीं बल्कि मात्र 45 मिनट में पूरी कर सकेंगे।
जी हां, प्रयागराज से लखनऊ के लिए फ्लाइट की सुविधा अतिशीघ्र मिलने वाली है। इंडिगो की फ्लाइट यात्रियों की सुविधा के लिए आज से चलेगी।
इंडिगो की फ्लाइट आज शाम से लखनऊ के लिए
प्रयागराज से लखनऊ के लिए फ्लाइट की सुविधा मिलने वाली है। आज यानी रविवार से यात्रियों को यह सेवा मिलने लगेगी। इसका संचालन निजी विमानन कंपनी इंडिगो करेगी। प्रयागराज से फ्लाइट शाम 4.25 बजे रवाना होगी जो शाम 5.10 बजे लखनऊ पहुंच जाएगी। कुल 45 मिनट में यात्री लखनऊ पहुंच सकेंगे।
लखनऊ से सुबह प्रयागराज से रवाना होगी फ्लाइट
इसी तरह इंडिगो की फ्लाइट लखनऊ से सुबह 7.40 बजे चलेगी और प्रयागराज 8.45 बजे पहुंचेगी। तीन वर्ष के अंतराल के बाद इस फ्लाइट का संचालन फिर से शुरू हो रहा है। यह भी खास है कि प्रयागराज से चलने वाले सभी फ्लाइट का समय 27 मार्च से बदल जाएगा। कई माह से निरस्त चल रही कोलकाता फ्लाइट के दोबारा शुरू होने की तिथि समर शेड्यूल में नहीं है।
प्रयागराज-दिल्ली फ्लाइट शाम को नहीं बल्कि दोपहर में उड़ान भरेगी
प्रयागराज एयरपोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक अब दिल्ली के लिए प्रयागराज से संचालित होने वाली फ्लाइट शाम को नहीं बल्कि दोपहर में चलेगी। हालांकि दिल्ली के लिए इंडियन एयर लाइंस और इंडिगो की उड़ान शाम को ही उपलब्ध रहेगी।
मुंबई, बंगलुरू, इंदौर और भोपाल की फ्लाइटों का शेड्यूल
इसी क्रम में मुंबई की उड़ान दोपहर 1.40 बजे की जगह 2.30 बजे, बंगलुरू की उड़ान सुबह 11:30 बजे की जगह दिन में 3.30 बजे मिलेगी। प्रयागराज से इंदौर के लिए फ्लाइट दिन में 12.10 बजे के स्थान पर 10.15 बजे ही मिलेगी। भोपाल की फ्लाइट दोपहर 2.50 बजे के स्थान पर 11.40 बजे उपलब्ध होगी। इंडियन एयरलाइंस की बिलासपुर फ्लाइट के समय में बदलाव नहीं किया गया है।