प्रयागराज में सपा कार्यालय पर विदुप अग्रहरि और एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव का जोरदार स्वागत

Share this news

प्रयागराज के जॉर्जटाउन स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में बुधवार को स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व सांसद स्वर्गीय श्यामा चरण गुप्त के पुत्र एवं उद्यमी विदुप अग्रहरि, नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य डॉ. मानसिंह यादव और बारा विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. अजय कुमार का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नेताओं को फूल-मालाओं से लाद दिया गया।

दरअसल, विदुप अग्रहरि ने 16 अक्टूबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष अपने हजारों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। प्रयागराज में आयोजित इस कार्यक्रम में विदुप अग्रहरि ने कहा कि उन्होंने किसी शर्त पर सपा की सदस्यता नहीं ली है। पार्टी नेतृत्व उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।

वहीं, नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने अपनी जीत का श्रेय समाजवादी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्थन से उन्हें दूसरी बार जीत मिली है। वह जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने की, जबकि संचालन रवींद्र यादव ने किया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!