कहते हैं कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती, बस उन्हें हासिल करने का जुनून और खुद पर भरोसा होना चाहिए. इसी आत्मविश्वास और प्रतिभा की बदौलत प्रयागराज की पायल व्यास शुक्ला ने मिसेज उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है. प्रदेश स्तर की इस प्रतियोगिता में पायल ने फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है. उनकी इस कामयाबी से न सिर्फ परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि प्रयागराज का नाम भी प्रदेश के मंच पर रोशन हुआ है.
मधु कमल मोशन पिक्चर्स की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित Mrs. Uttar Pradesh प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा, विचारों और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता के आधार पर भी परखा गया.
कड़े मुकाबले के बीच प्रयागराज की पायल व्यास शुक्ला ने अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया. पूरे आत्मविश्वास और प्रभावशाली अंदाज में उन्होंने प्रतियोगिता के विभिन्न पड़ावों को पार किया और आखिरकार फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम कर लिया इस उपलब्धि को और खास बना दिया प्रतियोगिता की चीफ जज एवं मिस वर्ल्ड बुल्गारिया थियोडोरा मिल्टेनोवा ने, जिन्होंने अपने हाथों से पायल को क्राउन पहनाकर सम्मानित किया. यह पल पायल के लिए बेहद खास रहा.
पायल की इस उपलब्धि के पीछे उनका आत्मविश्वास, मेहनत और अपने सपनों को लेकर सकारात्मक सोच साफ नजर आती है. मीडिया से बातचीत के दौरान भी उन्होंने अपनी इस उपलब्धि और प्रतियोगिता के अनुभवों को साझा किया. उनके चेहरे पर जीत की खुशी और आगे बढ़ने का उत्साह साफ दिखाई दिया. पायल की सफलता की खबर जैसे ही उनके परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों तक पहुंची, बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया. हर कोई उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है. पायल व्यास शुक्ला की यह कामयाबी सिर्फ एक सौंदर्य प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन तमाम महिलाओं के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है, जो अपने सपनों को पूरा करना चाहती हैं. यह उपलब्धि बताती है कि आत्मविश्वास, प्रतिभा और निरंतर प्रयास के दम पर महिलाएं किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं.