प्रयागराज, 26 अक्टूबर 2025।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल आज पुलिस कमिश्नर श्री जोगिंदर कुमार से मिला और माघ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उन्हें बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष श्री योगेश गोयल ने किया।
इस अवसर पर योगेश गोयल ने कहा कि इस वर्ष माघ मेला अत्यंत व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हुआ। भीड़ प्रबंधन उत्कृष्ट रहा और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होना प्रशासन की कुशल रणनीति और समन्वय का परिणाम है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे प्रयागराज के लिए गर्व का विषय है।
साथ ही, उन्होंने वर्तमान में शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या की ओर पुलिस कमिश्नर का ध्यान आकर्षित कराया। श्री गोयल ने कहा कि इस बार होली और ईद दोनों पर्व लगभग एक साथ पड़ रहे हैं, जिसके कारण बाजारों में भीड़ स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। जाम की वजह से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। अतः इसका शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि चौक एवं कटरा क्षेत्र के पार्कों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाए तथा एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज परिसर में स्थायी पार्किंग विकसित की जाए, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम हो सके। साथ ही जिन सड़कों पर पार्किंग संभव नहीं है, वहां वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके और व्यापारियों व आम जनता को राहत मिले।
इसके अतिरिक्त व्यापार मंडल की ओर से सुझाव दिया गया कि प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल कंट्रोल यूनिट, डिजिटल साइन बोर्ड और अस्थायी ट्रैफिक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे त्योहारों के दौरान यातायात नियंत्रण और अधिक प्रभावी हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर श्री जोगिंदर कुमार जी ने तत्काल अपने एडिशनल डीसीपी श्री विजय आनन्द को निर्देशित किया कि वे अगले दो दिनों में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ट्रैफिक व्यवस्था का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करें और उसे लागू करें। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन अगले 2 से 3 दिनों में समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। इसके लिए व्यापारियों ने कमिश्नर साहब का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से योगेश गोयल (महानगर अध्यक्ष), नवीन अग्रवाल (वरिष्ठ महामंत्री), राजकुमार केसरीवानी (जिला अध्यक्ष), अभिषेक केसरीवानी (महामंत्री), पियूष पांडेय (महामंत्री), रोशनी अग्रवाल (महिला जिला अध्यक्ष), मनोरमा गोस्वामी (महिला महानगर अध्यक्ष), अधिवक्ता मनोज गोस्वामी, हर्ष जायसवाल ,नीरज अग्रवाल, धीरज केशरवानी,विकास वैश्य, रानू शामिल रहे।