पवन कुमार गुप्ता ‘समीर’ बने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रयागराज मंडल अध्यक्ष, संगठन विस्तार की मिली जिम्मेदारी
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रयागराज की विशेष बैठक एवं स्वागत समारोह महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ‘समीर’ का व्यापारियों ने भव्य स्वागत किया।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता को प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर सहित अन्य जिलों में संगठन की नई इकाइयों के गठन और विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में जार्जटाउन और टैगोर टाउन क्षेत्र में अतुल मेहरोत्रा के नेतृत्व में नई इकाई का गठन किया। साथ ही कालीदीपुरम स्वर्णकार व्यापार मंडल का भारतीय उद्योग व्यापार मंडल में विलय कराया गया। महानगर इकाई का भी विस्तार किया गया और कई नए सदस्यों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने शहर के बाजारों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को उठाया। वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए नई जिम्मेदारियां देने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आभार जताया।
बताया गया कि जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग और प्रदेश अध्यक्ष अरुण अग्रवाल की ओर से नए पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
इस अवसर पर महिला जिला अध्यक्ष रोशनी अग्रवाल, कौशांबी जिला अध्यक्ष अरुण केसरवानी, महामंत्री पीयूष पांडेय, अभिषेक केसरवानी, विकास वैश्य, संदीप अग्रवाल, अनूप श्रीवास्तव, आकाश सिंह, अवनीश श्रीवास्तव, अतुल कुमार मेहरोत्रा, संदीप साहू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।