सेवा भारती के महाअभियान में जुड़ेंगे सैकड़ों डॉक्टर, नैनी की 8 बस्तियों में सफल रहा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

Share this news

सेवा भारती के महाअभियान में जुड़ेंगे सैकड़ों डॉक्टर, नैनी की 8 बस्तियों में सफल रहा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में सेवा कार्यों को समर्पित भाव से आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग, सेवा भारती एवं नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन (NMO) के संयुक्त तत्वावधान में नैनी क्षेत्र की लगभग 8 सेवा बस्तियों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
यह स्वास्थ्य अभियान आगामी 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले व्यापक सेवा कार्यक्रमों की कड़ी के रूप में संपन्न हुआ। शिविरों में सैकड़ों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
इस महाअभियान की योजना विगत दो महीनों से बनाई जा रही थी, जिसके लिए विभिन्न स्तरों पर कई संयुक्त बैठकें आयोजित की गईं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक श्री अनिल जी एवं क्षेत्र सेवा प्रमुख श्री युद्धवीर जी के मार्गदर्शन में यह संपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से काशी प्रांत के प्रांत सेवा प्रमुख श्री सत्य विजय जी, प्रयाग विभाग के विभाग सेवा प्रमुख श्री वीर कृष्ण जी, उनके सहयोगी श्री विंध्याचल जी तथा नैनी भाग के भाग सेवा प्रमुख श्री रामराज जी उपस्थित रहे।
सेवा भारती की ओर से विभाग अध्यक्ष श्री सुजीत सिंह जी एवं विभाग मंत्री डॉ. संतोष सिंह पटेल का विशेष योगदान रहा। वहीं NMO की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कमलाकर सिंह, काशी प्रांत के सचिव डॉ. राजेश राय एवं प्रयागराज के संगठन सचिव डॉ. अखिलेश त्रिपाठी सहित अनेक चिकित्सकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सेवा भारती के विभाग अध्यक्ष श्री सुजीत सिंह जी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित एवं सेवा से वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना भी है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रयागराज में लगभग 165 और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे हजारों लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।
अंत में आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं, चिकित्सकों एवं सहयोगियों के संयुक्त प्रयास को इस सफल आयोजन का आधार बताते हुए आभार व्यक्त किया।

Translate »
error: Content is protected !!