प्रयागराज में News18 का ‘Rising Cities और Commissionerate Connect’ कार्यक्रम, विकास और कानून व्यवस्था पर हुआ मंथन

Share this news

प्रयागराज में गुरुवार को News18 उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की ओर से ‘Rising Cities’ और ‘Commissionerate Connect’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिविल लाइंस स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, उद्यमियों व शहर के गणमान्य लोगों ने विकास, कानून व्यवस्था, रोजगार और प्रयागराज के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में बीजेपी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, दीपक पटेल और हर्षवर्धन बाजपेई ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और प्रयागराज में हुए बदलावों पर चर्चा की। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए कहा कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के चलते अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई संभव हुई है।

वहीं, मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम., पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा ने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी माघ मेले की तैयारियों पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा और महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, सफाई व्यवस्था, पार्कों और प्रस्तावित आईटी सिटी सहित विकास योजनाओं पर चर्चा की। महापौर ने बताया कि शहर के 100 वार्डों में योगा पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

इसके अलावा प्रतापगढ़ के विकास, ओडीओपी और ओडीओसी योजनाओं, रोजगार मेलों, उद्योगों और धार्मिक पर्यटन से रोजगार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार हरजिंदर सिंह समेत उद्यमियों ने प्रयागराज में पर्यटन और होटल इंडस्ट्री के बढ़ते अवसरों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर जगद्गुरु शांडिल्य जी महाराज, सामाजिक कार्यकर्ता अंकिता राज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नलिनी पांडेय, रितु और आलोक शुक्ला ने किया। News18 के सीनियर एडिटर अरुण पांडेय और मनमोहन राय भी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत विशेष संवाददाता सर्वेश दुबे ने किया।

Translate »
error: Content is protected !!