बीजेपी विधायक ओम कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट से उनका निर्वाचन रद्द कर दिया है। 2022 के चुनाव में ओम कुमार ने आरएलडी प्रत्याशी मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराया था। मुंशी राम ने चुनाव याचिका दाखिल कर हलफनामे में आय छिपाने और भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाया था। जस्टिस सलिल कुमार राय की सिंगल बेंच ने यह फैसला सुनाया है। हालांकि, विधायक को सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है। सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर सीट पर दोबारा चुनाव का रास्ता साफ हो सकता है।