प्रयागराज। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कन्वेंशन सेंटर में शनिवार को यूपी-यूके न्यूरोकॉन-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में देशभर से आए न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों ने मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, स्ट्रोक, मिर्गी, पार्किंसन और ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों के आधुनिक उपचारों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय और आयोजन सचिव डॉ. पंकज गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। उद्घाटन समारोह में इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अरिंदम सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों की जानकारी हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक सम्मेलन से डॉक्टरों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलता है, जिसका सीधा लाभ मरीजों को बेहतर इलाज के रूप में मिल सकता है।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में माइग्रेन के नए उपचार, पार्किंसन रोग, ब्रेन ट्यूमर, मिर्गी प्रबंधन, स्ट्रोक, न्यूरोइन्फेक्शन और रीढ़ की सर्जरी पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। इसके साथ ही न्यूरोसर्जरी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबरनाइफ रेडियोसर्जरी और दूरबीन से की जाने वाली आधुनिक सर्जरी की तकनीकों पर भी चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने न्यूनतम चीरे वाली सर्जरी, ब्रेन एन्यूरिज्म, स्कल बेस सर्जरी और रीढ़ की जटिल बीमारियों के उपचार में आ रही नई तकनीकों और अपने अनुभवों को साझा किया। सम्मेलन में मेडिकल लॉ, मरीजों की सूचित सहमति और न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में आधुनिक शोध जैसे विषय भी चर्चा का हिस्सा रहे।
सुबह से शाम तक चले इस सम्मेलन में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य न्यूरोसर्जरी और न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में नवीनतम चिकित्सा तकनीकों और उपचार पद्धतियों का ज्ञान साझा करना तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चिकित्सकों को अपडेट करना रहा।