निवर्तमान प्रधानाचार्य डॉ.वी.के. पांडेय ने सौंपा दायित्व, पुष्पगुच्छ देकर दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग के आदेश के क्रम में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के अस्थि रोग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. ए.के. वर्मा ने प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान प्रधानाचार्य डॉ. वी.के. पांडेय ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपते हुए शुभकामनाएं दीं।
शासनादेश के अनुसार, डॉ. ए.के. वर्मा को अग्रिम आदेशों तक प्रधानाचार्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ प्रधानाचार्य पद की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे। इस अतिरिक्त प्रभार के लिए उन्हें पृथक वेतन अथवा भत्ता देय नहीं होगा।
डॉ. ए.के. वर्मा चिकित्सा एवं प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध हैं। उनके नेतृत्व में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में शैक्षणिक गतिविधियों, चिकित्सा सेवाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किए जाने की अपेक्षा जताई जा रही है।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर डॉ. वी.के. पांडेय ने डॉ. ए.के. वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा संस्थान के विकास और मरीजों के हित में निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।